Khunti: खूंटी जिले में पेसा कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा जिला स्तरीय शांति समिति के गठन को लेकर शुक्रवार को खूंटी थाना परिसर में शांति समिति की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) दीपेश कुमारी ने की, जबकि इसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न धार्मिक समुदायों के प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने भाग लिया। 
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ दीपेश कुमारी ने कहा कि राज्य सरकार पेसा कानून को जमीनी स्तर पर प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इस कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इसके प्रावधानों को सही ढंग से लागू करने के उद्देश्य से शांति समिति के सदस्यों को लगातार जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले के सभी अंचल क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से शांति समितियों का गठन किया जा रहा है, जिसके बाद जिला स्तरीय शांति समिति का गठन किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला स्तरीय शांति समिति में सभी धर्मों और समुदायों का संतुलित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा। इसमें हिंदू, मुस्लिम, ईसाई और सरना धर्म के प्रतिनिधियों के साथ-साथ निर्वाचित जनप्रतिनिधि, जिला परिषद सदस्य, मुखिया, वार्ड सदस्य तथा समाज के प्रबुद्ध नागरिकों और स्थानीय अगुवाओं को शामिल किया जाएगा। एसडीओ ने कहा कि समिति में महिलाओं की भागीदारी भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएगी, ताकि निर्णय प्रक्रिया अधिक समावेशी और प्रभावी बन सके।
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) वरुण रजक ने हाल के दिनों में जिले में हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ मामलों में सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक और अफवाहपूर्ण सूचनाएं फैलाई गईं, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हुई। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और शांति बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जिले की शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन और समाज, दोनों की साझा जिम्मेदारी है। 
बैठक में नगर पंचायत खूंटी की अध्यक्ष रानी टूटी, उपाध्यक्ष शशांक शेखर, अंचल अधिकारी प्रदीप कुमार, थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, वार्ड पार्षद अनूप साहू, दिनेश कुमार महतो, भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार, ज्योतिष भगत, जितेंद्र कश्यप, कामेश्वर राम, परमेश्वर प्रसाद, सरना समाज के भीम सिंह मुंडा, नौरी पूर्ति, लीलू पहान, अंजुमन इस्लामिया के सचिव खालिद हुसैन, विहिप जिलाध्यक्ष विनोद जायसवाल, मुकेश जायसवाल, विकास मिश्रा, जयप्रकाश भाला सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।



