Dhanbad: बीजेपी सांसद ढुल्लू महतो ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बोकारो जिले में बड़ा कोयला घोटाला चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोलियरियों से बड़े पैमाने पर कोयले की चोरी की जा रही है, जिससे उत्पादन प्रभावित हो रहा है और सरकार को भारी वित्तीय नुकसान उठाना पड़ रहा है। सांसद महतो ने बताया कि इस मामले की जानकारी केंद्र सरकार को दे दी गई है और दोषियों के खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सांसद महतो ने कहा कि राज्य सरकार की ढिलाई के कारण यह घोटाला लंबे समय से चलता आ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि राज्य सरकार गंभीर कदम नहीं उठाती है तो केंद्र स्तर पर भी कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना है कि कोयला उत्पादन और राजस्व के नुकसान को रोकना सरकार की जिम्मेदारी है।
वहीं देवघर जिले के पालाजोरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार देर शाम साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने 11 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में गुलाम रब्बानी, बजरंगी मंडल, मनीष मंडल, ब्रह्मदेव दास, अरबाज अंसारी, ताजुद्दीन अंसारी, मनवर अंसारी, असलम अंसारी, विनोद मिर्धा, उपेंद्र मेहरा और विक्रम रजक शामिल हैं।
साइबर डीएसपी राजा कुमार मित्रा ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की उम्र 19 से 30 वर्ष के बीच है। ये गिरोह सुनसान इलाकों में बैठकर लोगों को फोन करता और किसी कंपनी का कर्मचारी होने का झांसा देकर पैसे की ठगी करता था। उनकी गिरफ्तारी सूचना के आधार पर की गई।
डीएसपी ने बताया कि उपेंद्र मेहरा और ब्रह्मदेव दास आदतन साइबर अपराधी हैं और कई बार जेल जा चुके हैं। गिरोह फ्लिपकार्ट कस्टमर केयर, अमेजॉन कस्टमर केयर और एयरटेल पेमेंट बैंक के पदाधिकारी बनकर लोगों से ओटीपी लेकर उनके बैंक खातों से पैसे निकालते थे।
साइबर डीएसपी ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के साथ ओटीपी शेयर न करें और किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
पिछले कुछ महीनों में देवघर जिले में करीब 100 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन साइबर अपराध पूरी तरह नहीं रुका है। पुलिस ने कहा कि कार्रवाई लगातार जारी है और राज्य में साइबर अपराधियों के खिलाफ कड़ी निगरानी रखी जा रही है।


