Palamu: पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव में एक 15 वर्षीय किशोरी का शव कुएं से मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान संजय साव की पुत्री रेशमा कुमारी के रूप में हुई है, जो नौवीं कक्षा की छात्रा थी।
बताया जा रहा है कि रेशमा मंगलवार शाम से ही अपने घर से लापता थी। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
बुधवार सुबह जब कुछ ग्रामीण शौच के लिए खेत की ओर जा रहे थे, तो उनकी नजर एक कुएं के पास पड़ी चप्पल और दुपट्टे पर गई। शक होने पर जब लोगों ने कुएं में झांका, तो अंदर रेशमा का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। यह कुआं उसके घर से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित है।

ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची तरहसी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित अस्पताल भेज दिया।
घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि रेशमा का गांव के ही एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और उसी युवक ने उसे घर से बुलाया था। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इधर, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, यह स्पष्ट नहीं है कि मामला हत्या का है, आत्महत्या का या कोई हादसा हुआ है—इन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, गांव में इस घटना के बाद भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।



