Khunti: जिले के कचहरी परिसर में चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक साथ तीन दुकानों को निशाना बनाया और वहां से नगदी लेकर फरार हो गए। खास बात यह है कि जहां चोरी हुई, उसके ठीक बगल में जिला जेल स्थित है और सभी दुकानें जेल गेट से महज कुछ ही दूरी पर हैं। ऐसे में इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और पेट्रोलिंग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 
जानकारी के अनुसार, बीती रात अज्ञात चोरों ने कचहरी परिसर स्थित दुकानों के शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और केवल नगदी पर हाथ साफ किया। दुकानों से किसी अन्य सामान की चोरी नहीं की गई है, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि चोर सीधे पैसे को ही निशाना बनाकर आए थे।
घटना से प्रभावित दुकानदार सुधीर सिंह ने बताया कि उन्होंने बड़ी मुश्किल से दुकानदारी कर लगभग ढाई हजार रुपये जमा किए थे, जिससे वे अपने बच्चों के लिए स्कूल ड्रेस खरीदने के जमा किए थे। लेकिन चोरों ने उनकी मेहनत की कमाई पर पानी फेर दिया।
वहीं दूसरे दुकानदार प्रमोद तोपनो ने बताया कि सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो कैश काउंटर से नगदी लगभग साढ़े पांच हजार रुपये थे जो गायब है, जबकि अन्य सामान सुरक्षित था। इसी प्रकार के एक अन्य दुकान कुंडू जेरॉक्स से भी लगभग ढाई हजार रूपये नगदी चोर ले गये। इधर, घटना की सूचना मिलते ही खूंटी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि हाल ही में झारखंड सरकार द्वारा पुलिस की पेट्रोलिंग को मजबूत करने के उद्देश्य से चार पहिया और दो पहिया वाहनों की संख्या बढ़ाई गई है। इसके बावजूद कचहरी परिसर जैसे संवेदनशील और सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में चोरी की घटना होना पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय दुकानदारों में इस घटना को लेकर भय का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से रात में नियमित गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।



