Khunti: झारखंड के हजारीबाग जिला अंतर्गत विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में एक युवती की नृशंस हत्या के मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। इस घटना को लेकर खूंटी जिला झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर हमला बोला और कई गंभीर आरोप लगाए। 
झामुमो के जिला प्रवक्ता तौकीर आलम ने प्रेस वार्ता में कहा कि विष्णुगढ़ में एक बेटी की निर्मम हत्या बेहद दर्दनाक और शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस जघन्य अपराध में भाजपा से जुड़े व्यक्ति की संलिप्तता सामने आ रही है, जो नवरात्रि जैसे पवित्र समय में और भी चिंताजनक है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि “भाजपा बार-बार मानवता को शर्मसार करने का काम कर रही है” और पार्टी को इस मामले में जवाब देना चाहिए।
तौकीर आलम ने महाराष्ट्र की एक हालिया घटना का भी जिक्र करते हुए कहा कि वहां एक ढोंगी व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया, जो महिलाओं को चमत्कार का झांसा देकर शोषण करता था, और वह भी भाजपा से जुड़ा बताया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे मामलों से भाजपा का चरित्र उजागर होता है। 
वहीं, जिला प्रवक्ता मनोज मंडल ने कहा कि विष्णुगढ़ की यह घटना झारखंड की आत्मा को झकझोर देने वाली है। उन्होंने इसे अमानवीय और रोंगटे खड़े कर देने वाला बताते हुए कहा कि यह समाज में व्याप्त अंधविश्वास की भयावह सच्चाई को सामने लाती है। झामुमो ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई।
मनोज मंडल ने भाजपा पर आरोप लगाया कि पार्टी ने इस संवेदनशील मुद्दे को राजनीतिक रंग देने और साम्प्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी भीम राम भाजपा से जुड़ा हुआ है, जो पार्टी का बूथ अध्यक्ष और एससी-एसटी प्रकोष्ठ से संबंधित बताया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि अब सच्चाई सामने आने के बाद भाजपा जनता से माफी कब मांगेगी। 
जिला सचिव सुशील पाहन ने कहा कि भाजपा समाज में विभाजन की राजनीति करती है और हर बार हिन्दू-मुस्लिम के नाम पर लोगों को बांटने का प्रयास करती है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड की जनता अब भाजपा की इन रणनीतियों को समझ चुकी है और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों, जिनमें बच्ची की मां और कथित तांत्रिक शामिल हैं, को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इसके बावजूद भाजपा द्वारा इस मुद्दे पर भ्रम फैलाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की गई, जो निंदनीय है।
संगठन सचिव शंकर सिंह मुंडा ने भी भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी को इस मामले में राजनीति बंद कर आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी भीम राम की तस्वीर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के साथ वायरल हो रही है, जिससे उनके संबंधों पर सवाल उठते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी ने पुलिस जांच को भटकाने की कोशिश की और उसके राजनीतिक संबंधों की भी जांच होनी चाहिए।
झामुमो नेताओं ने सामूहिक रूप से भाजपा से सवाल किया कि क्या अब वह अपने द्वारा घोषित झारखंड बंद को वापस लेगी और अपनी गलती स्वीकार करेगी, या फिर हमेशा की तरह सच्चाई सामने आने के बाद भी चुप्पी साधे रखेगी। 
झामुमो इस मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और राज्य में शांति, सौहार्द एवं विकास की दिशा में कार्य करता रहेगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्रीय सदस्य मकसूद अंसारी, क्रीड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रकाश नाग मुंडा, कुणाल माझी और शमीम अंसारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



