Khunti: खूंटी जिले के अड़की थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुचु टोला बुरहाडीह निवासी 32 वर्षीय विश्वनाथ मुंडा ने अपनी ही पड़ोसी भाभी देवी (64 वर्ष), पति- लेपा मुंडा, की टांगी से वार कर निर्मम हत्या कर दी।
घटना 2 अप्रैल देर रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी अक्सर हड़िया पीकर गाली-गलौज करता था, जिससे विवाद बढ़ता रहता था। इसी क्रम में विवाद इतना बढ़ गया कि उसने भाभी के सिर पर टांगी से वार कर उनकी हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही अड़की थाना पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विश्वनाथ मुंडा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना नमूना और हत्या में प्रयुक्त बांस के बेंट वाली कुल्हाड़ी (टांगी) बरामद कर जब्त कर लिया है।
इस संबंध में अड़की थाना कांड संख्या 08/26, भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के अंतर्गत मामला दर्ज करते हुए कार्रवाई की गई, आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।



