Khunti: खूंटी थाना क्षेत्र के बेलाहाथी गांव में इन दिनों बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है। गांव के बीचों-बीच मात्र 7 से 8 फीट की ऊंचाई पर लटक रहा 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार किसी भी वक्त बड़े हादसे को न्योता दे रहा है, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद विभाग आंख मूंदे बैठा है। 
सबसे चिंताजनक बात यह है कि इसी स्थान पर आगामी 4, 5 और 6 अप्रैल को हनुमान मंदिर के दूसरे वर्षगांठ के अवसर पर विशाल धार्मिक आयोजन और मेले का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस दौरान हजारों की संख्या में ग्रामीणों के जुटने की संभावना है, जिससे खतरा और भी बढ़ गया है।
गांव के युवक बजरंग ने बताया कि 4 अप्रैल को कलश यात्रा, 5 अप्रैल को धार्मिक अनुष्ठान और 6 अप्रैल को मेला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। ऐसे में जिस स्थल पर कार्यक्रम होना है, वहीं से यह हाईटेंशन तार बेहद नीचे लटकते हुए गुजर रहा है। तार में लगातार बिजली प्रवाहित रहती है, क्योंकि इसी लाइन से भंडरा, सिलादोन समेत कई गांवों में बिजली आपूर्ति होती है। 
ग्रामीणों का कहना है कि यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है और इसे लेकर बिजली विभाग को लिखित शिकायत भी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। बीरेंद्र साहू ने बताया कि मेले में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है, ऐसे में जरा सी चूक या लापरवाही किसी बड़े हादसे में तब्दील हो सकती है।
बताया जा रहा है कि बिजली खंभों के बीच अधिक दूरी होने के कारण तार नीचे लटक गया है, जिसे समय रहते दुरुस्त नहीं किया गया तो स्थिति और भयावह हो सकती है। ग्रामीणों में इसको लेकर भय और आक्रोश दोनों है। 
अब सवाल यह उठता है कि क्या बिजली विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में कोई भी अप्रिय घटना पूरे क्षेत्र को झकझोर सकती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर तार को ऊंचा करने या वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि इस धार्मिक आयोजन के दौरान किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।



