Breaking News

खूंटी में भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया रामनवमी, निकली भव्य शोभायात्रा

Khunti: मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मनाया जाने वाला रामनवमी का पर्व शुक्रवार को खूंटी एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। सुबह से ही शहर के विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का दौर चलता रहा, जिससे पूरा वातावरण राममय हो गया।

रामनवमी महोत्सव का मुख्य आकर्षण केंद्रीय रामनवमी महासमिति के तत्वावधान में आयोजित नवमी की विराट शोभायात्रा रही। इस भव्य शोभायात्रा में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के दर्जनों अखाड़ों के खिलाड़ी, युवाओं की टोलियां तथा हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने “जय श्रीराम” और “जय बजरंगबली” के नारों से पूरे शहर को गूंजायमान कर दिया।

शोभायात्रा नेताजी चौक से प्रारंभ होकर डाक बंगला रोड, भगत सिंह चौक, मुख्य पथ, शिवाजी चौक, कर्रा रोड, चौधरी मोहल्ला, तेली टोला, बड़ाईक टोली, लियाकत अली लेन, गढ़टांड़, डहगुटू, मिश्रा टोली होते हुए पुनः मुख्य पथ के रास्ते नेताजी चौक पहुंची। इसके बाद जुलूस अपने अंतिम पड़ाव आश्रम टांड़ मैदान में देर रात पहुंचकर संपन्न हुआ। समापन के उपरांत जुलूस में शामिल महावीरी पताकाओं को आश्रम टांड़ मैदान में वृत्ताकार परिधि में स्थापित किया गया।

शोभायात्रा के दौरान विभिन्न अखाड़ों के खिलाड़ियों ने पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन किया। ताशे-नगाड़ों और भजनों की धुन पर झूमते श्रद्धालुओं ने पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया। साथ ही रामायण और महाभारत पर आधारित आकर्षक झांकियां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। इस बार शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी भी देखने को मिली, जिन्होंने अस्त्र-शस्त्र के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और नारी शक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा, उपायुक्त आर. रॉन्जिता, पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो, अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक, नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टूटी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी शोभायात्रा में शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं को रामनवमी की शुभकामनाएं दीं और युवाओं का उत्साहवर्धन किया।

शोभायात्रा के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा छात्र नेता प्रकाश टूटी के नेतृत्व में स्टॉल लगाकर राम भक्तों को फल वितरण किया गया इसके अतिरिक्त विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा शहर के प्रमुख स्थानों—मुख्य पथ, कर्रा रोड, शिवाजी चौक आदि पर स्वागत स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों पर श्रद्धालुओं के लिए शरबत, ठंडा पेय, फल, चना और गुड़ की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा कई समाजसेवियों ने भी अपने घरों के सामने पेयजल और अल्पाहार की व्यवस्था कर सेवा भाव का परिचय दिया।

शोभायात्रा का नेतृत्व केंद्रीय रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष अनूप साहू और महामंत्री जितेंद्र कश्यप कर रहे थे। उनके साथ महासमिति के ज्योतिष भगत, आदित्य प्रसाद गुप्ता सहित विभिन्न अखाड़ों के पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

वहीं, विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी और एसडीपीओ वरुण रजक के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली गई। उपायुक्त आर. रॉन्जिता और एसपी मनीष टोप्पो पूरे आयोजन की निगरानी करते रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बीडीओ ज्योति कुमारी, सीओ प्रदीप कुमार, मुख्यालय डीएसपी अखिल नीतीश कुजूर, थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post