Khunti: खूँटी नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत आज समाहरणालय स्थित सभागार में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें खूँटी नगर पंचायत क्षेत्र की नवनिर्वाचित अध्यक्ष रानी टुटी को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त आर० रॉनिटा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। 
समारोह के दौरान नगर पंचायत के अंतर्गत निर्वाचित सभी वार्ड पार्षदों (वार्ड संख्या 1 से 19 तक) को भी विधिवत शपथ ग्रहण कराया गया। शपथ लेने के बाद सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर उपायुक्त आर० रॉनिटा ने अध्यक्ष रानी टुटी सहित सभी वार्ड पार्षदों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता ने आप सभी पर भरोसा जताया है, इसलिए उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरना आपकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि नगर क्षेत्र के समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाए।
उपायुक्त ने आगे कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने से ही जनता का विश्वास कायम रहेगा और विकास कार्यों में गति आएगी। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से टीम भावना के साथ मिलकर कार्य करने की अपील की, ताकि खूंटी नगर पंचायत को एक आदर्श नगर के रूप में विकसित किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान निर्वाची पदाधिकारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों में अपने दायित्वों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।



