Khunti: खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत जलटंडा स्थित चेरवादाग के पास मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में बाइक और ऑटो के बीच आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ऑटो कर्रा की ओर से खूंटी की दिशा में जा रहा था। वहीं, एक बाइक पर सवार तीन युवक खूंटी की ओर से कर्रा की ओर आ रहे थे। जैसे ही दोनों वाहन जलटंडा के चेरवादाग के पास पहुंचे, आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ऑटो चालक वाहन के अंदर ही फंस गया, जबकि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कर्रा थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर कर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। वहां जांच के दौरान डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर कर दिया गया।
मृतकों की पहचान मुन्ना उरांव (उम्र लगभग 25 वर्ष), ग्राम पांडुटोली, थाना नगड़ी, जिला रांची तथा रमेश मुंडा (उम्र लगभग 22 वर्ष), ग्राम चउरछापर, थाना कर्रा, जिला खूंटी के रूप में हुई है। वहीं, राजू कच्छप, ग्राम कूदलौंग, थाना नगड़ी, जिला रांची सहित दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिये रिम्स भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।



