Breaking News

होली पर पलामू में मातम: दो सड़क हादसों में सैप जवान समेत दो की मौत, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

Palamu: पलामू जिले में होली की खुशियां मातम में बदल गईं। अलग-अलग स्थानों पर हुई दो सड़क दुर्घटनाओं में एक सैप जवान और एक 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।

पांकी में बाइक फिसलने से युवक की मौत

पांकी थाना क्षेत्र के बरवाडीह गांव निवासी राजकुमार साव के पुत्र गुड्डू कुमार (32) की मंगलवार देर रात सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बताया जाता है कि गुड्डू रात में बाइक से गांव में घूमने निकला था। इसी दौरान दुब गांव स्थित गमहेल स्थान के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। सड़क पर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद परिजन उसे पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) रेफर कर दिया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही अस्पताल पुलिस चौकी के पदाधिकारी और जवान महेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सदर थाना क्षेत्र में सैप जवान की दर्दनाक मौत

दूसरी घटना सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा में हुई, जहां मंगलवार रात सड़क हादसे में सैप जवान मनोज पांडेय (52) की जान चली गई। वे सदर प्रखंड के बड़कागांव के निवासी थे। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद वे सैप जवान के रूप में झारखंड विधानसभा में अपनी सेवा दे रहे थे।

जानकारी के अनुसार, होली के अवसर पर गांव में आयोजित अखंड कीर्तन में शामिल होकर वे मेदिनीनगर लौट रहे थे। पांकी–मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर पोखराहा मेडिकल कॉलेज अस्पताल चौक के समीप उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया। आशंका है कि सड़क पर बने नए ब्रेकर के कारण वे अपनी बुलेट मोटरसाइकिल सहित गिर पड़े।

सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने उन्हें सड़क किनारे घायल अवस्था में देखा और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर उन्हें इलाज के लिए एमएमसीएच पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक मनोज पांडेय अपने पीछे दो बेटियां और दो बेटे छोड़ गए हैं। परिजनों ने बताया कि पिछले वर्ष ही उन्होंने अपनी बड़ी बेटी की शादी की थी। इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है। होली के अवसर पर हुई इन घटनाओं ने पूरे जिले को गमगीन कर दिया है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post