Dumka: दुमका में साहिबगंज-गोविंदपुर हाईवे पर बुधवार को एक भयावह सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। लाइटर (सिगरेट जलाने वाला) से लदे एक कंटेनर को पीछे से एक हाईवा ने टक्कर मार दी, जिसके बाद कंटेनर में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और उसकी चपेट में तीन अन्य हाईवा भी आ गए।
घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड, दुमका रेलवे स्टेशन के समीप हुई। आग इतनी तेज थी कि चारों मालवाहक वाहन धू-धू कर जलने लगे। जब तक दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, तब तक सभी वाहन लगभग पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे।
एक व्यक्ति का जला हुआ शव बरामद
इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। घटनास्थल से बुरी तरह जला हुआ शव बरामद किया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मृतक वाहन चालक था या राहगीर।
चश्मदीदों के अनुसार, कंटेनर में लाइटर की पेटियां भरी थीं, जो आग लगने के बाद धमाकों के साथ फटने लगीं। विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। बताया गया कि एक हाईवा में कोयला लदा था, जबकि दो अन्य खाली थे।
एक घायल को अस्पताल भेजा गया
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग की चपेट में आए एक व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया है। उसकी पहचान और स्थिति के बारे में आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
एसपी ने की पुष्टि
दुमका के एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही दमकल की टीम को तुरंत मौके पर रवाना किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लाइटर-लोड वाहन को पीछे से हाईवा ने टक्कर मारी, जिससे आग भड़क उठी।
एसपी ने एक व्यक्ति की मौत और एक चालक के घायल होने की पुष्टि की है। घायल का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर भारी वाहनों की लापरवाही और खतरनाक सामान के परिवहन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


