Breaking News

रांची में आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई: 16 किलो गांजा जब्त, चार नाबालिग बच्चों का सुरक्षित रेस्क्यू

Ranchi: रांची रेल मंडल में आरपीएफ ने मादक पदार्थ तस्करी और मानव तस्करी के खिलाफ तीन अलग-अलग अभियानों में बड़ी सफलता हासिल की है। कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशन में आरपीएफ पोस्ट रांची, हटिया और फ्लाइंग टीम ने सक्रिय कार्रवाई करते हुए 16 किलो गांजा जब्त किया और चार नाबालिग बच्चों को सुरक्षित बचाया

ऑपरेशन “NARCOS” में 16 किलो गांजा जब्त

ऑपरेशन “NARCOS” के तहत रांची रेलवे स्टेशन पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। ट्रेन संख्या 18309 एक्सप्रेस के आगमन पर कोच S-7 की जांच के दौरान मोहन सिंह (41, सुंदरगढ़, ओडिशा) के पास नीले रंग का संदिग्ध बैग पाया गया। तलाशी में उसके बैग से गांजे के 5 पैकेट बरामद हुए। इसी कोच में बैठे राहुल पांडेय (32, गाजीपुर, उत्तर प्रदेश) के बैग से भी 3 पैकेट गांजा जब्त किए गए। कुल बरामद गांजे का वजन 16 किलोग्राम था, जिसकी अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये बताई जा रही है।

दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजा ओडिशा से खरीदकर उत्तर प्रदेश में अवैध बिक्री के उद्देश्य से ला रहे थे। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया गया और गांजे सहित जीआरपी रांची को सौंपा गया।

ऑपरेशन “AAHT” में मानव तस्करी का प्रयास विफल

24 और 25 फरवरी की रात, ट्रेन संख्या 12825 (झारखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस) के आगमन पर आरपीएफ पोस्ट रांची ने ऑपरेशन “AAHT” चलाया। जांच के दौरान रेशमा देवी (40, दिल्ली) को दो नाबालिग बालिकाओं के साथ संदिग्ध स्थिति में पकड़ा गया।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि महिला बालिकाओं को घरेलू काम के लिए दिल्ली ले जाने का झांसा देकर प्रति बालिका 14-15 हजार रुपये कमीशन ले रही थी। महिला को गिरफ्तार कर एएचटीयू थाना को सुपुर्द किया गया, जबकि दोनों नाबालिग लड़कियों को बाल संरक्षण के तहत सुरक्षित आश्रय गृह भेजा गया।

“ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” में दो बालकों का रेस्क्यू

24 फरवरी को हटिया रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन “नन्हे फरिश्ते” के तहत आरपीएफ पोस्ट हटिया और डीएनएफटी टीम ने दो नाबालिग बालकों को संदिग्ध अवस्था में पाया। दोनों बालकों ने बताया कि वे घर से भागकर मजदूरी करने बेंगलुरु जा रहे थे। उन्हें चाइल्ड लाइन रांची के सुपुर्द कर सुरक्षित रखा गया।

टीम की सराहनीय भूमिका

इन अभियानों में आरपीएफ पोस्ट रांची, हटिया, फ्लाइंग टीम और डीएनएफटी टीम की सक्रिय भूमिका रही। कमांडेंट पवन कुमार ने टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की और कहा कि रेलवे परिसरों में अवैध गतिविधियों और मानव तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है, जिससे मादक पदार्थ तस्करी और मानव तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post