Khunti: खूंटी जिले के बकसपुर रेलवे स्टेशन के समीप कर्रा–कमडारा मुख्य सड़क पर बीती रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रेलवे विभाग द्वारा लगाए गए हाई गेज (ऊंचाई नियंत्रक बैरियर) के अचानक बीच सड़क पर गिर जाने से इस मार्ग पर आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो गई है। घटना लापा-बकसपुर के पास की बताई जा रही है। 
स्थानीय लोगों के अनुसार देर रात अचानक हाई गेज का लोहे का ढांचा सड़क के बीचों-बीच गिर गया, जिससे सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई। हालांकि किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
छोटी गाड़ियां जैसे बाइक और ऑटो किसी तरह से किनारे से निकल जा रही हैं, लेकिन बस, ट्रक और अन्य बड़े वाहनों का परिचालन नहीं हो पा रहा है। इस मार्ग से रांची से वाया कर्रा- कमडारा होते हुए सिमडेगा और राउरकेला जैसे प्रमुख शहरों के लिए सीधा संपर्क बना रहता है, ऐसे में सड़क बाधित होने से क्षेत्रीय आवागमन पर व्यापक असर पड़ा है।
सुबह होते ही स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना संबंधित विभाग को दी। खबर लिखे जाने तक गिरे हुए हाई गेज को हटाने की कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी थी, जिससे लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत कार्य नहीं किया गया तो यातायात व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो सकती है।
राहगीरों ने प्रशासन और रेलवे विभाग से जल्द से जल्द गिरे हुए ढांचे को हटाकर सड़क को सुचारु करने की मांग की है, ताकि आमजन को हो रही परेशानी से राहत मिल सके।



