Khunti: कर्रा स्थित पटेल बीएड कॉलेज में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम Paras Hospitals की ओर से आयोजित किया गया, जिसमें कैंसर विशेषज्ञ डॉ. इशांत भारद्वाज एवं डॉ. रितिका पाठक ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया।
सेमिनार को संबोधित करते हुए डॉ. इशांत भारद्वाज ने कैंसर के शुरुआती लक्षणों, इसके प्रमुख कारणों, बचाव के उपायों तथा समय पर जांच की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता और नियमित स्वास्थ्य जांच से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का समय रहते पता लगाया जा सकता है, जिससे उपचार की सफलता की संभावना काफी बढ़ जाती है। उन्होंने लोगों से किसी भी असामान्य शारीरिक बदलाव को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की।
वहीं डॉ. रितिका पाठक ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने तथा तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने छात्रों और शिक्षकों से कैंसर से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और समाज में सही जानकारी फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इसके साथ हीं प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने कैंसर से संबंधित अपने प्रश्न पूछे और विशेषज्ञों से समाधान प्राप्त किया।
सेमिनार का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति समाज में सही एवं वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाना था।



