Dhanbad: झारखंड नगर निकाय चुनाव के दौरान धनबाद के लोयाबाद नगर निगम क्षेत्र में मतदान प्रक्रिया के बीच बड़ी गड़बड़ी सामने आई। वार्ड संख्या 8 के बूथों पर वार्ड 9 की बैलेट पर्ची से मतदान कराए जाने पर मतदाताओं ने हंगामा कर दिया, जिसके बाद कुछ देर के लिए मतदान रोकना पड़ा।
यह मामला बूथ संख्या 8/5 (एकडा प्राथमिक विद्यालय) और 8/8 (बासुदेव गांधी स्मृति उच्च विद्यालय) में सामने आया। एक मतदाता ने बैलेट पेपर में चुनाव चिन्ह तो सही पाया, लेकिन प्रत्याशी का नाम गलत अंकित देखा। इस पर आपत्ति जताने के बाद अन्य मतदाताओं को भी गड़बड़ी की जानकारी हुई।
37 वोट पड़ने के बाद पकड़ी गई गलती
जानकारी के अनुसार, जिस बैलेट पेपर से मतदान हो रहा था, उसमें शुरुआती क्रमांक तक वार्ड 8 सही अंकित था, लेकिन बाद के क्रमांक में वार्ड 9 दर्ज था। तब तक 37 मतदाता मतदान कर चुके थे।
भोला विश्वकर्मा नामक मतदाता ने बताया कि मतदान के दौरान उन्हें मिले बैलेट पेपर में प्रत्याशी का नाम गलत दर्ज था, जबकि चुनाव चिन्ह सही था। इसी तरह एक अन्य बूथ पर भी 14 वोट पड़ने के बाद गलती पकड़ी गई और संबंधित बैलेट पेपर से मतदान रोक दिया गया।
प्रिंटिंग त्रुटि बनी कारण
प्रीजाइडिंग ऑफिसर विश्वजीत मांजी ने बताया कि दो बंडल (प्रत्येक 50-50 वॉल्यूम) बैलेट पेपर में प्रिंटिंग के दौरान त्रुटि हुई थी। 1 से 11 तक वार्ड संख्या 8 अंकित था, जबकि 12 से 37 तक वार्ड संख्या 9 लिखा हुआ था।
उन्होंने कहा कि यदि शुरुआत से ही वार्ड संख्या 9 अंकित होता, तो गलत पर्ची से मतदान नहीं कराया जाता।
अन्य बूथों पर भी शिकायत
सूत्रों के अनुसार, कुछ अन्य मतदान केंद्रों पर भी इसी तरह की गड़बड़ियां सामने आई हैं। हालांकि प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने और आगे ऐसी त्रुटि न हो, इसके लिए कदम उठाने की बात कही है।
घटना के बाद मतदान केंद्रों पर कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बना रहा, लेकिन बाद में प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी गई।



