Khunti: नगर निकाय चुनाव के तहत खूंटी नगर पंचायत क्षेत्र में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 23 फरवरी को होने वाले मतदान को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा क्षेत्र में निषेधाज्ञा जारी कर दी गई है, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। 
जिला निर्वाची पदाधिकारी सह उपायुक्त की उपस्थिति में सभी बूथों के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना कर दिया गया। खूंटी नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 19 वार्ड हैं, जहां एक नगर अध्यक्ष और 19 वार्ड सदस्यों के लिए मतदान कराया जाएगा। इसके लिए कुल 30 बूथ बनाए गए हैं, जिन्हें 20 चिन्हित भवनों में स्थापित किया गया है।
नगर पंचायत क्षेत्र के कुल 28,917 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रशासन की ओर से सभी बूथों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। साथ ही, ऐसे मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है जो बूथ तक पहुंचने में असमर्थ हैं। 
जिला निर्वाची पदाधिकारी सह उपायुक्त ने बताया कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पूरे नगर क्षेत्र को चार सेक्टर में विभाजित किया गया है और प्रत्येक सेक्टर के लिए एक-एक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है। 
पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने जानकारी दी कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी (QRT) टीम का गठन किया गया है। इसके अलावा, बाइक पेट्रोलिंग टीम शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेगी। मेडिकल टीम भी तैनात की गई है ताकि किसी भी आपात परिस्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
प्रशासन का दावा है कि नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 को पूरी पारदर्शिता और शांति के साथ संपन्न कराया जाएगा।



