Breaking News

मुरहू के लीलीकोटो गांव में जंगली हाथी का उत्पात, गरीब परिवार का घर तोड़ा, अनाज किया बर्बाद

Khunti: मुरहू प्रखण्ड क्षेत्र के रूमूतकेल पंचायत अंतर्गत लीलीकोटो गांव में बीती रात जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने गांव निवासी पौलूस तोपनो के कच्चे घर को निशाना बनाते हुए उसे क्षतिग्रस्त कर दिया और घर में रखे लगभग एक क्विंटल चावल को खा गया। इतना ही नहीं, बड़ी मात्रा में अनाज को बर्बाद भी कर दिया, जिससे परिवार के सामने भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

बताया गया कि पौलूस तोपनो मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं और फिलहाल रोज़गार के सिलसिले में दूसरे प्रदेश में गए हुए हैं। कड़ी मेहनत से उन्होंने कच्चा मकान बनाया था, जिसमें उनका परिवार रह रहा था। जंगली हाथी के हमले में घर की दीवारें और ढांचा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे परिवार बेघर हो गया है।

घटना के दौरान हाथी ने आसपास के खेतों में भी प्रवेश कर कुछ किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों के अनुसार, रात के समय अचानक हाथी के गांव में घुसने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए।

पीड़ित पौलूस तोपनो की पत्नी सुप्रिया तोपनो ने बताया कि उनके पति बाहर काम करने गए हैं और घर की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है। घर में रखा सारा अनाज हाथी द्वारा या तो खा लिया गया या बर्बाद कर दिया गया। अब परिवार के पास न तो रहने के लिए सुरक्षित घर बचा है और न ही खाने के लिए अनाज। उन्होंने प्रशासन और वन विभाग से तत्काल सहायता की मांग की है।

घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। प्रभारी वनपाल प्रवीण कुमार ने बताया कि विभाग को मामले की जानकारी मिल चुकी है। टीम को घटनास्थल पर भेजा जा रहा है ताकि क्षति का आकलन कर पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा दिया जा सके। उन्होंने कहा कि खूंटी और मुरहू क्षेत्र में जंगली हाथियों द्वारा इस तरह की घटनाएं बहुत कम देखने को मिलती हैं। संभवतः झुंड से बिछड़ा कोई हाथी भटकते हुए क्षेत्र में पहुंच गया होगा।

वन विभाग की टीम क्षेत्र में सक्रिय हो गई है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विभाग ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर पीड़ित परिवार को राहत उपलब्ध कराई जाएगी।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post