Giridihi : मतदान से ठीक पहले राजनीतिक हलचल के बीच भाजपा नेता और नेता प्रतिपक्ष Babulal Marandi के खिलाफ नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। फ्लाइंग स्क्वाड टीम (एफएसटी) के मोहम्मद मंसूर की शिकायत पर यह मामला दर्ज हुआ। नगर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन ने आदर्श आचार संहिता उल्लंघन से जुड़ी प्राथमिकी की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, 21 फरवरी को शाम 5 बजे चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद रात करीब 8 बजे बाबूलाल मरांडी गिरिडीह बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल पहुंचे। वहां उनके समर्थक पहले से मौजूद थे और होटल के हॉल में बैठक जैसी स्थिति बनी हुई थी। इसी दौरान सदर एसडीएम श्रीकांत विस्पुते मौके पर पहुंचे और हाथ जोड़कर अनुरोध किया कि एक साथ इतनी भीड़ इकट्ठा नहीं रह सकती। इसके बाद बाबूलाल मरांडी होटल से बाहर निकल गए।
होटल से निकलने के बाद मीडिया से बातचीत में मरांडी ने कहा कि वे वहां केवल भोजन करने पहुंचे थे। उनका कहना था कि किसी भी दल का नेता जब कहीं जाता है तो समर्थक स्वतः पहुंच जाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि एसडीएम ने उन्हें कुछ नहीं कहा, बल्कि वे स्वयं ही वहां से निकल आए। मरांडी ने स्पष्ट किया कि भले ही वे गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के मतदाता नहीं हैं, लेकिन शहर में उनका मकान है।
इससे पहले Jharkhand Mukti Morcha के जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने प्रेस वार्ता कर बाबूलाल मरांडी की शहर में मौजूदगी पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि राज्य के मंत्री सुदिव्य कुमार गिरिडीह के निवासी और मतदाता हैं, फिर भी बैठक नहीं कर रहे, जबकि मरांडी और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी नगर निगम क्षेत्र के मतदाता नहीं हैं। ऐसे में उनकी उपस्थिति आचार संहिता के अनुरूप नहीं है।
इधर प्रशासन ने ऑन कैमरा ज्यादा कुछ कहने से परहेज किया। एसडीएम ने सिर्फ इतना कहा कि मतदान से एक दिन पहले भीड़ एकत्र होने की अनुमति नहीं है। वहीं थाना प्रभारी ज्ञान रंजन ने पुष्टि की कि एफएसटी टीम की ओर से होटल में बैठक को लेकर बाबूलाल मरांडी के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन की प्राथमिकी दर्ज की गई है।


