Dhanbad: धनबाद में नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। चुनावी माहौल के बीच सांसद ढुल्लू महतो और बीजेपी के पूर्व विधायक सह मेयर प्रत्याशी Sanjeev Singh के बीच जुबानी जंग खुलकर सामने आ गई है। दोनों नेताओं के तीखे बयान चुनावी मुकाबले को और रोचक बना रहे हैं।
दरअसल, कुछ दिन पहले सांसद ढुल्लू महतो ने बिना नाम लिए ‘माफिया’ शब्द का इस्तेमाल किया था, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई। इसे लेकर मेयर प्रत्याशी संजीव सिंह ने पलटवार करते हुए तंज कसा था कि शायद सांसद का बीपी बढ़ गया है और उन्हें डॉक्टर से इलाज कराने की जरूरत है।
अब इस बयान पर जवाब देते हुए ढुल्लू महतो ने कहा कि उन्हें किसी तरह की बीपी की समस्या नहीं है और वे कभी भी अपना बीपी जांच करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग उनके बारे में अनर्गल बयान दे रहे हैं, उन्हें जवाब देना जरूरी नहीं है।
सांसद ने कहा कि वोट मांगने से पहले नेताओं को अपनी उपलब्धियां जनता के सामने रखनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि उनका परिवार लंबे समय से राजनीति में सक्रिय रहा है और जनता की सेवा करता आया है। साथ ही उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ परिवार वर्षों से राजनीति में हैं, लेकिन उनकी कोई ठोस उपलब्धि जनता के सामने नहीं है।
ढुल्लू महतो ने यह भी कहा कि कुछ लोगों का पार्टी की विचारधारा से कोई लेना-देना नहीं होता, तभी वे पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेता व्यक्तिगत स्वार्थ और अपने समर्थकों के फायदे के लिए मैदान में उतरे हैं। ऐसे नेताओं को उन्होंने “बरसाती मेंढक” करार देते हुए कहा कि चुनाव आते ही वे सक्रिय हो जाते हैं और तरह-तरह के हथकंडे अपनाते हैं।
धनबाद में जारी इस सियासी बयानबाजी ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि जनता इन आरोप-प्रत्यारोपों के बीच किसे अपना समर्थन देती है।


