Bokaro: बोकारो जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत पिछरी दक्षिणी पंचायत के सुईयाडीह गांव में एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सतेंद्र सोरेन के रूप में हुई है।
मामला उस वक्त और पेचीदा हो गया जब शव से कुछ दूरी पर अवैध शराब बनाने से जुड़ी सामग्री बरामद हुई। मौके से बड़े प्लास्टिक ड्रम, शराब तैयार करने के उपकरण, नकली ब्रांडेड शराब के पैकिंग रैपर और महंगी कंपनियों की बोतलें मिलीं। इससे आशंका जताई जा रही है कि वहां संगठित तरीके से नकली शराब बनाने का धंधा चल रहा था।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद लोग फरार हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी अवैध गतिविधि आखिर कब से चल रही थी और प्रशासन को इसकी भनक क्यों नहीं लगी। ग्रामीणों ने इसे प्रशासनिक लापरवाही करार देते हुए आक्रोश जताया है।
घटनास्थल फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के नजदीक है, जहां जल्द ही चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में इस बरामदगी ने राजनीतिक हलकों में भी हलचल बढ़ा दी है।
पेटरवार और जारीडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुंडा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शराब से जुड़ी सामग्री बरामद की गई है। उन्होंने कहा कि विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत हादसा है, हत्या है या इसका संबंध अवैध शराब कारोबार से है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।


