Khunti: खूंटी नगर पंचायत अध्यक्ष पद की उम्मीदवार सोनम बागे का चुनावी अभियान लगातार गति पकड़ता जा रहा है। चुनाव की तिथि नजदीक आते ही क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है और इसी कड़ी में आज सोनम बागे ने अपने समर्थकों के साथ वार्ड संख्या तीन में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सोनम बागे घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से मुलाकात करती नजर आईं। उन्होंने लोगों से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि चुनाव जीतने के बाद नगर क्षेत्र की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि पेयजल, सड़क, स्वच्छता, नाली, स्ट्रीट लाइट और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।
सोनम बागे ने मतदाताओं से कहा कि उनका लक्ष्य खूंटी शहर को एक आदर्श और व्यवस्थित नगर के रूप में विकसित करना है, ताकि न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश में खूंटी की एक नई पहचान स्थापित हो सके। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें एक मौका देती है तो वे पारदर्शी और जनहितकारी प्रशासन देने का हर संभव प्रयास करेंगी।
युवा और ऊर्जावान नेत्री के रूप में पहचान बना चुकी सोनम बागे को लेकर मतदाताओं में सकारात्मक रुझान देखने को मिल रहा है। वार्ड में कई जगहों पर लोगों ने उनका स्वागत किया और अपनी-अपनी समस्याओं से अवगत कराया। सोनम बागे ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समाधान का भरोसा दिलाया।
देर शाम तक वे अपने समर्थकों के साथ क्षेत्र में घूम-घूमकर जनसंपर्क अभियान चलाती रहीं। इस दौरान उनके साथ विमल पाहन, शंकर सिंह मुंडा, प्रकाश नाग मुंडा, कमलेश महतो सहित कई कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
फिलहाल नगर पंचायत चुनाव को लेकर चर्चा तेज है और चुनावी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। ऐसे में सभी प्रत्याशी अपने-अपने स्तर पर मतदाताओं को साधने में जुटे हुए हैं।



