Ranchi: नगर निकाय चुनाव के बीच अनुशासन को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए Bharatiya Janata Party ने 18 बागी नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। ये नेता पार्टी समर्थित प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव मैदान में उतर गए हैं।
प्रदेश महामंत्री Pradeep Verma की ओर से जारी नोटिस में धनबाद के संजीव सिंह, मुकेश पांडेय और भृगुनाथ महतो समेत कई नेताओं से सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। देवघर और पलामू के कुछ नेताओं को भी पत्र भेजकर पार्टी विरोधी गतिविधियों पर जवाब तलब किया गया है।
नोटिस में साफ कहा गया है कि पार्टी समर्थित उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जिला कमेटियां भी सख्त
सिर्फ प्रदेश स्तर पर ही नहीं, बल्कि गिरिडीह, जमशेदपुर, चाईबासा समेत कई जिलों की जिला कमेटियों ने भी 20 से अधिक नेताओं को नोटिस भेजा है। इनसे भी पार्टी लाइन से हटकर काम करने पर जवाब मांगा गया है।
निकाय चुनाव भले ही दलीय आधार पर न हो रहा हो, लेकिन सभी प्रमुख दल अपने समर्थित उम्मीदवारों को जिताने में जुटे हैं। ऐसे में बगावत को लेकर पार्टी नेतृत्व सख्ती दिखा रहा है।
अब नजर इस बात पर है कि नोटिस पाने वाले नेता क्या जवाब देते हैं और पार्टी आगे क्या कदम उठाती है।



