Khunti: नगर पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। शुक्रवार को स्थानीय नेताजी चौक पर भाजपा समर्थित अध्यक्ष पद की उम्मीदवार रानी टूटी के चुनावी कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे, जिससे चुनावी माहौल और अधिक गर्म हो गया। 
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि चुनावी कार्यालय के उद्घाटन में उमड़ी भीड़ इस बात का संकेत है कि जनता ने रानी टूटी को विजयी बनाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि खूंटी को स्वच्छ, सुंदर, शिक्षित और विकसित नगर बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए सक्षम नेतृत्व की आवश्यकता है।
अर्जुन मुंडा ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि खूंटी को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाना है। शहर को शिक्षा के केंद्र के रूप में विकसित करने और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए ठोस मास्टर प्लान तैयार करना जरूरी है, जो रानी टूटी के नेतृत्व में संभव है। उन्होंने राज्य सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप भी लगाया।
पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के आंदोलन और न्यायालय के निर्देश के बाद ही नगर पंचायत चुनाव संभव हो पाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि नगर की जनता इस बार भी भाजपा के पक्ष में ऐतिहासिक निर्णय लेगी।
पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने कार्यकर्ताओं से बूथ कमेटियों को मजबूत करने और घर-घर संपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक मतदाता तक पार्टी की बात पहुंचाई गई, तो जीत सुनिश्चित है। उन्होंने नारा दिया कि “खूंटी को शहरों की रानी बनाना है, तो रानी टूटी को जिताना होगा।”
अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रानी टूटी ने कहा कि एकता में ही शक्ति है। उन्होंने अपने पूर्व कार्यकाल के अनुभवों का उल्लेख करते हुए भरोसा दिलाया कि अध्यक्ष बनने पर वे वार्ड-वार्ड जाकर समस्याओं की पहचान करेंगी और प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित करेंगी।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार, चुनाव संयोजक काशीनाथ महतो, प्रभारी ओपी कश्यप, पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर गुप्ता, जितेंद्र कश्यप, अर्जुन पाहन, निखिल कंडुलना सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
नगर पंचायत चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। आने वाले दिनों में प्रचार अभियान और भी तेज होने की संभावना है, जिससे चुनावी मुकाबला और रोचक हो जाएगा।



