Ranchi: राजधानी रांची के कचहरी चौक स्थित समाहरणालय भवन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। धमकी ईमेल के माध्यम से दी गई है, जिसमें सल्फर नाइट्रेट बम से समाहरणालय को उड़ाने की बात कही गई है। सूचना मिलते ही रांची पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई और एहतियातन पूरे परिसर की जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस ने तत्काल बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) को मौके पर बुलाया। बीडीएस टीम द्वारा समाहरणालय भवन की सघन तलाशी ली जा रही है। रांची कोतवाली के डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि धमकी भरे ईमेल की जांच की जा रही है और हर पहलू पर नजर रखी जा रही है।

समाहरणालय परिसर में उपायुक्त (डीसी), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के कार्यालय स्थित हैं। ऐसे में धमकी को गंभीरता से लिया गया है। बीडीएस टीम की प्रारंभिक जांच में अब तक कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर पूरे भवन की बारीकी से तलाशी जारी है।
गौरतलब है कि इससे पहले 6 फरवरी को रांची सिविल कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस दौरान झारखंड जगुआर की बम निरोधक टीम ने दो दिनों तक कोर्ट परिसर की जांच की थी, हालांकि वहां भी कोई विस्फोटक नहीं मिला था।
लगातार मिल रही धमकियों के बाद पुलिस साइबर माध्यम से भेजे गए ईमेल की भी जांच कर रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता बरत रही हैं।



