Breaking News

राज्यपाल ने NSS के उत्कृष्ट स्वयंसेवकों से किया संवाद, विद्यार्थियों की उपलब्धियों को बताया गौरव का विषय

Ranchi: दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय बैंड प्रतियोगिता में झारखंड के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया है। पाइप बैंड प्रतियोगिता (बालिका वर्ग) में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कांके ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पाइप बैंड (बालक वर्ग) में कैराली स्कूल, सेक्टर-2 विजेता रहा। वहीं ब्रास बैंड (बालक वर्ग) में संत जेवियर हाई स्कूल, लुपुंगुटू, चाईबासा ने तृतीय स्थान हासिल कर राज्य को गौरवान्वित किया। इन उपलब्धियों को राज्य के लिए ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बताया जा रहा है।

इसी क्रम में लोक भवन, रांची में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के उत्कृष्ट स्वयंसेवकों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि झारखंड के विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों की उपलब्धियां पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने बताया कि कुछ स्वयंसेवकों को राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया है, जबकि कुछ ने गणतंत्र दिवस परेड शिविर–2026 में राज्य का प्रतिनिधित्व किया। कई स्वयंसेवक गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशेष अतिथि के रूप में भी शामिल हुए।

राज्यपाल ने उल्लेख किया कि झारखंड के स्वयंसेवकों को ‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग–2026’ में प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार रखने का अवसर मिला, जो राज्य के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के मूल मंत्र “स्वयं से पहले समाज” को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि यह सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करता है।

स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, पर्यावरण संरक्षण, ग्राम विकास, आपदा राहत और सामाजिक जागरूकता जैसे क्षेत्रों में NSS स्वयंसेवकों की सक्रिय भूमिका की सराहना की गई। स्वामी विवेकानंद जयंती पर लोक भवन में आयोजित रक्तदान शिविर में उनकी सहभागिता को भी विशेष रूप से प्रशंसित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल ने उत्कृष्ट स्वयंसेवकों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यार्थियों की उपलब्धियों और स्वयंसेवकों की सेवा-भावना ने यह संदेश दिया कि झारखंड के युवा शिक्षा, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post