Ranchi: पिपरवार थाना क्षेत्र के बचरा 122 कॉलोनी में मंगलवार सुबह दो वर्षीय बच्चे के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई। अज्ञात बदमाश मासूम को प्लास्टिक के बोरे में बंद कर जंगल में फेंककर फरार हो गए। ग्रामीणों की तत्परता और साहस के कारण बच्चे की समय रहते तलाश कर उसकी जान बचा ली गई। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
जंगल से बेहोशी की हालत में मिला मासूम
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे एक महिला ने एक संदिग्ध व्यक्ति को बच्चे को ले जाते देखा। महिला के शोर मचाते ही कॉलोनी में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत आसपास के इलाकों और जंगलों में खोजबीन शुरू की। कुछ ही देर बाद पास के जंगल में प्लास्टिक के बोरे के अंदर कपड़े से मुंह बंधी हालत में बच्चा बेहोश मिला। समय पर बरामदगी से उसकी जान बच गई।
बरामद बच्चा सीता कुमार (उम्र 2 वर्ष) बताया जा रहा है, जो बुंडू पंचायत के बटुका निवासी टेकलाल महतो और सुनीता देवी का पुत्र है। परिवार वर्तमान में बचरा 122 कॉलोनी में रह रहा था।
तीन संदिग्धों पर शक, संगठित गिरोह की आशंका
ग्रामीणों ने घटना में तीन संदिग्ध व्यक्तियों की संलिप्तता की आशंका जताई है। तलाशी के दौरान बचरा साइडिंग के पास जंगल से करीब तीन वर्षीय एक अन्य बच्चे की स्कूल ड्रेस (पैंट-शर्ट) भी बरामद हुई, जिससे इलाके में दहशत और बढ़ गई है। लोगों को आशंका है कि मामला किसी संगठित गिरोह से जुड़ा हो सकता है।
पुलिस ने शुरू की गहन जांच
घटना की सूचना मिलते ही पिपरवार थाना पुलिस सक्रिय हो गई और आसपास के जंगलों व संवेदनशील क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। थाना प्रभारी अभय कुमार ने कहा कि मामला बेहद गंभीर है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है।
इलाके में भय और आक्रोश
इस घटना के बाद बचरा 122 कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। यह घटना न केवल स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि अभिभावकों के लिए भी गंभीर चेतावनी साबित हो रही है।



