Khunti: तोरपा थाना क्षेत्र अंतर्गत डोड़मा स्थित फुल्कू नदी के समीप बुधवार को एक अज्ञात युवती का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवती के गले में दुपट्टा लिपटा हुआ मिला है, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने नदी किनारे शव देखा और इसकी सूचना तुरंत तोरपा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मुकेश कुमार यादव पुलिस अवर निरीक्षक रोशन खाखा के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, खूंटी भेज दिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह हत्या का मामला है या अन्य कारणों से युवती की मौत हुई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है तथा लोगों से शव की पहचान करने की अपील की है।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी है।



