Jamshedpur: मानगो नगर निगम चुनाव में मेयर पद को लेकर कांग्रेस पार्टी में नया मोड़ आया है। पार्टी ने मेयर पद के लिए चुनाव लड़ रही कांग्रेस नेता जेबा खान को निलंबित कर दिया है। यह जानकारी पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने साझा की।
मानगो नगर निगम चुनाव में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता मेयर पद की प्रत्याशी हैं और पार्टी ने उन्हें पूर्ण समर्थन देने का फैसला किया है। वहीं, कांग्रेस नेता फिरोज खान की पत्नी जेबा खान भी मेयर पद के लिए चुनाव लड़ रही थीं। एक ही पार्टी के दो प्रत्याशियों के आमने सामने आने से विवाद बढ़ गया था।
कांग्रेस नेता फिरोज खान ने कहा कि पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के निर्देश पर पार्टी सुधा गुप्ता का समर्थन कर रही है। हालांकि उनकी पत्नी जेबा खान ने राहुल गांधी के साथ राष्ट्रीय स्तर पर “भारत जोड़ो अभियान” में भाग लिया है और पार्टी में उन्हें एक राष्ट्रीय नेता के रूप में माना जाता है।
पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कार्यालय में रविवार देर शाम हुई बैठक में निकाय चुनाव पर चर्चा हुई। इस दौरान पार्टी ने रणनीति बनाई कि समर्थित प्रत्याशी को हर संभव मदद दी जाएगी। कांग्रेस झारखंड प्रदेश अध्यक्ष द्वारा जारी पत्र को बैठक में सार्वजनिक किया गया, जिसमें अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों पर कार्रवाई का संकेत दिया गया।
इस बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह, जिला पर्यवेक्षक सह जिला प्रभारी बलजीत सिंह बेदी, पूर्व जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दूबे, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामाश्रय प्रसाद, और अन्य कई नेता मौजूद रहे।
पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि जेबा खान को पार्टी समर्थित उम्मीदवार सुधा गुप्ता का समर्थन करने के लिए कहा गया था, लेकिन उन्होंने इसका पालन नहीं किया। इसी कारण उन्हें तत्काल पार्टी से निलंबित कर दिया गया।
गौरतलब है कि जेबा खान पिछले 10 साल से कांग्रेस पार्टी से जुड़ी हैं। उन्होंने एआईसीसी की राष्ट्रीय प्रवक्ता, एआईएमसी की राष्ट्रीय समन्वयक, और झारखंड प्रदेश कांग्रेस की सचिव के रूप में भी काम किया है।


