Breaking News

रांची मेयर पद पर झामुमो में मंथन तेज, छह नेताओं ने ठोकी दावेदारी

Ranchi: झारखंड शहरी स्थानीय निकाय चुनावों के तहत नामांकन की स्क्रूटनी पूरी हो चुकी है, लेकिन रांची मेयर पद को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) अब भी अंतिम निर्णय नहीं ले पाई है। पार्टी के छह नेताओं द्वारा मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल किए जाने के बाद यह तय करना मुश्किल हो गया है कि झामुमो किस उम्मीदवार को अपना आधिकारिक समर्थन देगी।

रांची मेयर पद के लिए झामुमो से कैटरीना तिर्की, रामशरण तिर्की, सुजीत कुमार कुजूर, वीरू तिर्की, सुजीत विजय आनंद लकड़ा और अजीत लकड़ा ने नामांकन दाखिल किया है। सभी उम्मीदवार खुद को पार्टी के लिए सबसे उपयुक्त बताते हुए समर्थन की मांग कर रहे हैं। किसी ने खुद को दिशोम गुरु शिबू सोरेन का शिष्य बताया है, तो किसी ने वर्षों से पार्टी के लिए किए गए संघर्ष और संगठनात्मक अनुभव को अपनी ताकत बताया है।

कैटरीना तिर्की का कहना है कि उन्होंने हमेशा पार्टी के निर्देश पर सड़क से लेकर आंदोलन तक संघर्ष किया है। साथ ही उन्होंने तर्क दिया कि जब बीजेपी और कांग्रेस ने महिला उम्मीदवार को समर्थन दिया है, तो झामुमो को भी महिला उम्मीदवार पर भरोसा जताना चाहिए। वहीं रामशरण तिर्की ने 1977 से झारखंड आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने और पार्टी पदाधिकारी रहते हुए सभी वार्डों में जनसभाएं करने का हवाला देते हुए खुद को मजबूत दावेदार बताया।

सुजीत कुमार कुजूर ने खुद को पार्टी का पुराना और निष्ठावान कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि पार्टी सिद्धांतों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उन्हें समर्थन का हकदार बनाती है। सुजीत विजय आनंद लकड़ा ने अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़ाव, जनसरोकारों पर काम और युवा जोश को अपनी प्रमुख ताकत बताया। वीरू तिर्की ने कहा कि उन्होंने पार्टी के रांची जिला संयोजक के रूप में काम किया है और पार्टी जो भी फैसला लेगी, वह उसे स्वीकार करेंगे। अजीत लकड़ा ने अपने क्षेत्र में मजबूत वोटर बेस को अपनी बड़ी पूंजी बताया।

झामुमो के रांची जिला अध्यक्ष मुश्ताक आलम ने स्पष्ट किया कि यह चुनाव पार्टी लाइन पर नहीं हो रहा है, इसलिए किसी को भी नामांकन दाखिल करने से नहीं रोका गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन जिस नाम को पार्टी समर्थित उम्मीदवार घोषित करेंगे, बाकी सभी उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले लेंगे। झामुमो की ओर से रांची मेयर पद के लिए केवल एक ही समर्थित उम्मीदवार होगा।

वहीं इस पूरे मसले पर झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडे ने कहा कि पार्टी किसी तरह की दुविधा में नहीं है और न ही किसी तरह की जल्दबाजी है। उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी आज या कल में रांची मेयर पद के लिए अपने समर्थित उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर देगी।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post