Breaking News

धनबाद मेयर चुनाव में सियासी घमासान: संजीव सिंह और भाजपा समर्थित प्रत्याशी ने भरा नामांकन, प्रदेश अध्यक्ष ने दी अनुशासन की चेतावनी

Dhanbad: झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर कोयलांचल की राजनीति पूरी तरह गरमा गई है। धनबाद नगर निगम के मेयर पद के लिए पूर्व विधायक संजीव सिंह और भाजपा समर्थित प्रत्याशी संजीव अग्रवाल ने नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। दोनों दिग्गज चेहरों के मैदान में उतरते ही चुनावी माहौल और ज्यादा गर्म हो गया है।

नामांकन के दौरान दिखा कार्यकर्ताओं का जबरदस्त उत्साह
पूर्व विधायक संजीव सिंह ने सबसे पहले अपने समर्थकों के साथ समाहरणालय पहुंचकर नामांकन किया। इस दौरान उनके समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली। करीब दो घंटे बाद भाजपा समर्थित प्रत्याशी संजीव अग्रवाल ने भी समाहरणालय पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। उनके समर्थन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, विधायक राज सिन्हा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस मौके पर हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी नजर आए।

जनता के हित में चुनाव लड़ रहा हूं: संजीव सिंह
नामांकन के बाद संजीव सिंह ने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से कोयलांचल की जनता की सेवा करता आया है और वे जनता के हित में ही मेयर का चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि धनबाद का सर्वांगीण विकास उनका मुख्य लक्ष्य है। पार्टी से अलग होकर चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं होता, इसलिए कोई भी प्रत्याशी चुनाव लड़ सकता है।

भाजपा ने संजीव अग्रवाल को दिया समर्थन
भाजपा समर्थित प्रत्याशी संजीव अग्रवाल के समर्थन में सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि पार्टी ने उन्हें मेयर प्रत्याशी के रूप में समर्थन दिया है और भाजपा पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरी है। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने साफ शब्दों में कहा कि भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी संजीव अग्रवाल ही हैं और वही चुनाव जीतेंगे।

अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं करेगी पार्टी: आदित्य साहू
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने संजीव सिंह सहित अन्य भाजपा नेताओं द्वारा नामांकन दाखिल किए जाने पर कहा कि चूंकि यह चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहा है, इसलिए कोई भी चुनाव लड़ सकता है, लेकिन पार्टी अनुशासनहीनता को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि नामांकन वापसी के बाद पार्टी ऐसे नेताओं के मामले पर विचार करेगी। बताया जा रहा है कि संजीव सिंह के अलावा भाजपा नेता मुकेश पांडेय और भृगुनाथ भगत ने भी मेयर पद के लिए नामांकन किया है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post