Ranchi: राजधानी रांची के रिम्स अस्पताल से एक बाल कैदी फरार होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, पेट दर्द की शिकायत के बाद दो दिन पहले बाल सुधार गृह प्रशासन ने उसे रिम्स के ट्रॉमा सेंटर में इलाज के लिए भर्ती कराया था। इलाज के दौरान मंगलवार तड़के उसने सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि बाल कैदी को रांची के डूमरदगा स्थित बाल सुधार गृह में रखा गया था।
चोरी के मामले में था निरुद्ध
रांची पुलिस के अनुसार, फरार बाल कैदी खलारी थाना क्षेत्र का निवासी है। वह चोरी के एक मामले में वांछित था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। करीब चार दिन पहले उसने आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद उसे निरुद्ध कर बाल सुधार गृह भेजा गया था।
जांच और तलाश तेज
इस मामले में रांची के सदर डीसीपी संजीव बेसरा ने बताया कि बाल कैदी ने वॉशरूम जाने के बहाने सुरक्षा में तैनात कर्मियों को चकमा दिया और फरार हो गया। उन्होंने कहा कि घटना की जांच की जा रही है और फरार बाल कैदी की तलाश तेज कर दी गई है।
फिलहाल रिम्स प्रशासन और पुलिस दोनों स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।


