Ranchi: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की ओर से वर्ष 2026 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षाएं आज यानी 3 फरवरी से शुरू हो गई हैं। राज्यभर में आयोजित होने वाली इन परीक्षाओं में कुल 7 लाख 48 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त कराने के लिए इस बार सुरक्षा व्यवस्था को पहले से अधिक सख्त किया गया है।
जैक की ओर से सभी जिलों को परीक्षा से संबंधित सामग्री भेज दी गई है। प्रश्न-पत्रों को कोषागार से निकालने से लेकर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रश्न-पत्रों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।
1989 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा
इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा में 4,23,861 छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं, जिनके लिए राज्यभर में 1232 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 3,24,321 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया है, जिनके लिए 757 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इस तरह कुल 1989 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं।
इंटरमीडिएट परीक्षा में संकायवार आंकड़ों की बात करें तो विज्ञान संकाय से 90,579, वाणिज्य संकाय से 21,195 और कला संकाय से 2,12,547 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
CCTV, दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती
जैक के निर्देशानुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, स्टैटिक दंडाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। परीक्षा संचालन से लेकर समाप्ति तक हर स्तर पर निगरानी रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पिछले वर्ष की तुलना में घटी परीक्षार्थियों की संख्या
जैक के आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष की तुलना में इस बार मैट्रिक और इंटर दोनों परीक्षाओं में परीक्षार्थियों की संख्या में कमी आई है। मैट्रिक परीक्षा में गिरिडीह जिला सबसे आगे है, जहां से 40,827 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जबकि खूंटी जिला सबसे पीछे है, जहां से 6,097 छात्र परीक्षा देंगे। इंटरमीडिएट परीक्षा में भी गिरिडीह जिला शीर्ष पर है।
इस संबंध में जैक के सचिव जयंत कुमार मिश्र ने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी जिलों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि प्रश्न-पत्रों की सुरक्षा और परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। कदाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।
जैक ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचें, प्रवेश पत्र अनिवार्य रूप से साथ रखें और किसी भी तरह की अफवाहों से बचें।



