Khunti: यूथ कांग्रेस खूंटी के जिला अध्यक्ष आमिर हुसैन ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट की कड़ी आलोचना करते हुए इसे जनविरोधी करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट आम जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता और विशेष रूप से युवाओं, किसानों, मजदूरों, गरीबों तथा मध्यम वर्ग को इससे कोई ठोस राहत नहीं मिली है।
आमिर हुसैन ने कहा कि देश का युवा वर्ग आज बेरोजगारी की गंभीर समस्या से जूझ रहा है, लेकिन बजट में स्थायी रोजगार सृजन को लेकर न तो कोई ठोस योजना है और न ही कोई स्पष्ट रोडमैप। सरकार हर साल रोजगार देने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत में हालात जस के तस बने हुए हैं।
किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की बात तो करती है, लेकिन बजट में किसानों को सीधी राहत देने का कोई प्रभावी प्रावधान नहीं किया गया है। एमएसपी को कानूनी दर्जा नहीं दिए जाने से किसानों की परेशानियां और बढ़ गई हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और कमजोर होती जा रही है।
महंगाई को लेकर आमिर हुसैन ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है, लेकिन बजट में महंगाई पर नियंत्रण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं लगातार महंगी होती जा रही हैं, जिससे आम आदमी का घर चलाना मुश्किल हो गया है, फिर भी सरकार संवेदनहीन बनी हुई है।
उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी क्षेत्रों के लिए बजट में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं की गई है। इसका सीधा असर गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ेगा। छात्रों की फीस, किताबें और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पहले से ही महंगी है, लेकिन सरकार ने इस दिशा में भी कोई राहत नहीं दी।
आमिर हुसैन ने केंद्र सरकार से मांग की कि वह जनहित को प्राथमिकता देते हुए बजट में आवश्यक सुधार करे और युवाओं, किसानों, गरीबों तथा मध्यम वर्ग के हित में ठोस और प्रभावी कदम उठाए।



