Garhwa: धुरकी प्रखंड में जंगली हाथियों के उत्पात से इलाके में दहशत फैल गई है। झारखंड–छत्तीसगढ़ सीमा के माछपानी क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क से गुजर रहे राहगीरों पर हाथियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। मोटरसाइकिल सवार किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहे, लेकिन उनकी तीन मोटरसाइकिलें हाथियों के गुस्से का शिकार हो गईं।
झारखंड–छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर बढ़ा खतरा
धुरकी प्रखंड के संरक्षित वन क्षेत्र में मानव और जंगली हाथियों के बीच टकराव लगातार बढ़ता जा रहा है। जंगल और पहाड़ों के सिमटते दायरे के कारण हाथी अब गांवों और मुख्य सड़कों की ओर आ रहे हैं। इसी क्रम में कनहरतटीय बालचौरा जंगल क्षेत्र में हाथियों के एक झुंड ने उत्पात मचाया, जिससे पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया है।
हाथियों ने सड़क पर मचाया उत्पात
बालचौरा–अंबाखोरया मार्ग पर छत्तीसगढ़ से नगर उंटारी की ओर जा रहे मोटरसाइकिल सवारों ने जब सड़क पर हाथियों का झुंड देखा तो उनके होश उड़ गए। जान बचाने के लिए उन्होंने अपनी मोटरसाइकिलें सड़क पर छोड़ दीं और जंगल की ओर भाग निकले। इसके बाद हाथियों ने तीनों मोटरसाइकिलों को पैरों से कुचलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
हाथियों से दूरी बनाए रखने की अपील
जिला वन पदाधिकारी अंशुमान कुमार ने बताया कि इन दिनों जिले के कई प्रखंडों में जंगली हाथियों की गतिविधि बढ़ी है। धुरकी वन क्षेत्र में जिस झुंड ने उत्पात मचाया है, उसमें हाथियों के बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी सुरक्षा के लिए हाथी आक्रामक हो गए हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की है कि हाथियों के झुंड के आसपास न जाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।


