Jamtara : राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जामताड़ा जिले में लोकतांत्रिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस मौके पर शहर में मैराथन दौड़ और साइकिल रैली निकाली गई, जिसमें जिला प्रशासन के अधिकारियों, युवाओं और स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मैराथन और साइकिल रैली से दिया जागरूकता का संदेश
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त रवि आनंद, पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता सहित अन्य पदाधिकारी भी मैराथन दौड़ और साइकिल रैली में शामिल हुए। रैली के दौरान राष्ट्रीय मतदाता दिवस से जुड़े नारे लगाए गए और लोगों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
युवाओं और बच्चों में दिखा खास उत्साह
मैराथन और साइकिल रैली में खासकर युवाओं और बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में बच्चों ने भी प्रतियोगिताओं में भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मतदाता सूची में नाम जोड़ने की अपील
इस अवसर पर उपायुक्त रवि आनंद और एसपी राजकुमार मेहता ने संयुक्त रूप से अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, वे अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य युवाओं को प्रेरित करना और समाज में जागरूकता फैलाना है।
सड़क सुरक्षा और मतदान की दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा सप्ताह को लेकर भी लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। वहीं, उपायुक्त ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई, जिसमें सभी ने लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने मताधिकार का उपयोग करने का संकल्प लिया।


