Khunti: हुटार साप्ताहिक बाजार में आज 56 मौजा के पड़हा, मानकी और मुंडा की एक बड़ी बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी 56 मौजा से बड़ी संख्या में पारंपरिक अगुवा शामिल हुए, जहां कई महत्वपूर्ण सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक का मुख्य मुद्दा पड़हा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने की मांग रहा। उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए सीबीआई जांच आवश्यक है, ताकि साजिश की पूरी परतें सामने आ सकें।

इसके अलावा बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी 20 फरवरी को हूटार क्षेत्र में लगने वाले मेले को भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर स्वर्गीय सोमा मुंडा के नाम से पत्थलगड़ी की जाएगी, जिसमें उनके द्वारा जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा समाज के लिए किए गए योगदानों का उल्लेख किया जाएगा। इसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष और योगदान से अवगत कराना है।
बैठक में यह भी सहमति बनी कि यदि सोमा मुंडा के हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होती, तो आने वाले दिनों में एक बड़े आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। इसके तहत खूंटी के उपायुक्त (DC) और पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय का घेराव किया जा सकता है। साथ ही अपराधियों की गिरफ्तारी तक लगातार आंदोलन चलाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
इसके अलावा बैठक में सोमा मुंडा के परिवार की सुरक्षा को लेकर भी गंभीरता से विचार किया गया। इसमें उनके आवास पर सुरक्षा जवानों की संख्या बढ़ाने और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की गई, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके।
गौरतलब है कि 7 जनवरी को खूंटी के जमुआदाग के पास अपराधियों ने गोली मारकर पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद से लगातार विरोध-प्रदर्शन और आंदोलन होते रहे हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मामले की जांच अभी भी जारी है। बैठक में उपस्थित लोगों ने स्पष्ट किया कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।



