Khunti: खूंटी जिला स्थित बिरसा कॉलेज परिसर में सड़क सुरक्षा को लेकर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना था। 
कार्यक्रम के दौरान पुलिस उपाधीक्षक अखिल नीतीश कुजूर ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि इस वर्ष सड़क दुर्घटनाओं में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई है, जो अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि यदि वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाएं, तो अधिकांश दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट और सीटबेल्ट के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि ये छोटे-छोटे उपाय जीवन की सुरक्षा में बड़ी भूमिका निभाते हैं।
जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक ने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सड़क सुरक्षा साइनेज, यातायात नियम, सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण और उनसे बचाव के उपायों के साथ-साथ मोटर वाहन अधिनियम की जानकारी दी। इसके अलावा उन्होंने छात्रों को ग्राम गाड़ी योजना, राह वीर योजना और गुड समरीटन योजना के बारे में विस्तारपूर्वक बताते हुए इन योजनाओं के लाभों से अवगत कराया।
वहीं सड़क अभियांत्रिकी विश्लेषक ने हाईवे पर सुरक्षा, ब्लैक स्पॉट की पहचान, हेलमेट एवं अन्य सुरक्षात्मक उपकरणों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि तकनीकी और इंजीनियरिंग उपायों के माध्यम से भी सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
कार्यक्रम में बिरसा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सी. के. भगत, प्रोफेसर राज कुमार, प्रोफेसर अनंत राम, जिला परिवहन कार्यालय से संदीप हेमरोम, योगेश कुमार, पुलिस कर्मी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में सभी वक्ताओं ने छात्रों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सुरक्षित और जिम्मेदार सड़क संस्कृति का निर्माण हो सके।



