Khunti: सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा कुँजला बाजार में सड़क सुरक्षा नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे की हालत में वाहन चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाने तथा अन्य लापरवाहियों के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों एवं सड़क दुर्घटना में मुआवजा प्रावधान से संबंधित सभी महत्वपूर्ण तथ्यों के बारे में लोगों को अवगत कराया गया। 
कार्यक्रम के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर या किसी दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को देखने पर तत्काल उसकी सहायता करने का प्रयास करना चाहिए। समय पर सहायता और अस्पताल पहुंचाने से कई कीमती जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वाहन चलाते समय हमेशा यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित तरीके से वाहन परिचालन कर सड़क दुर्घटनाओं से बचें। उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है, लेकिन इसमें आम लोगों की सहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है। 
वहीं जिला परिवहन पदाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं के विभिन्न कारणों की जानकारी देते हुए बताया कि परिवहन विभाग का मुख्य उद्देश्य यह है कि प्रत्येक व्यक्ति सुरक्षित रूप से वाहन चलाते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से सड़क सुरक्षा माह के दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि हमेशा यातायात नियमों का पालन करें, वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं वाहन से संबंधित सभी आवश्यक कागजात साथ रखें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। 
कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक के कई प्रभावशाली दृश्य प्रस्तुत किए गए, जिन्हें देखने के लिए भारी संख्या में लोग जुटे। नाटक के माध्यम से दिए गए संदेशों ने लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने में अहम भूमिका निभाई।



