Breaking News

सोमा मुंडा हत्याकांड में खूंटी पुलिस को एक और सफलता आठवां आरोपी गिरफ्तार, मुख्य अपराधी अब भी पकड़ से बाहर।

Khunti: पड़हा राजा सह अबुआ झारखंड पार्टी के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सोमा मुंडा हत्याकांड में खूंटी पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रांची के हटिया निवासी चंदन यादव (26 वर्ष) के रूप में हुई है। सोमवार को पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इसकी जानकारी खूंटी थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने दी।

थाना प्रभारी ने बताया कि चंदन यादव जियारप्पा स्थित एक विवादित जमीन पर कार्य करने में शामिल था, जो इस हत्याकांड से जुड़ी अहम कड़ी मानी जा रही है। चंदन यादव की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। हालांकि, पुलिस अभी तक इस हत्याकांड में शामिल मुख्य साजिशकर्ताओं और शूटरों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उनकी तलाश में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस ने इस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पूर्व में न्यायिक हिरासत में बंद आरोपी देवव्रत नाथ शाहदेव को तीन दिनों के रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की थी। इसी पूछताछ के आधार पर चंदन यादव की गिरफ्तारी को हत्याकांड की जांच में एक अहम कड़ी माना जा रहा है।

इससे पहले सोमा मुंडा हत्याकांड में पुलिस सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में पालकोट राजपरिवार से जुड़े किशोरगंज (रांची) निवासी देवव्रत नाथ शाहदेव, जियारप्पा निवासी बाहा मुंडा एवं अनीश मुंडा, रविया पाहन उर्फ रवि, रमेश्वर संगा उर्फ रमेश तथा जरियागढ़ थाना क्षेत्र के बिकुआदाग निवासी पंकज कुमार शर्मा शामिल हैं।

गौरतलब है कि 7 जनवरी की शाम खूंटी थाना क्षेत्र अंतर्गत नामकोम–जमुआदाग तालाब के समीप अज्ञात अपराधियों ने सोमा मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस जघन्य हत्याकांड के विरोध में 8 जनवरी को आदिवासी समन्वय समिति सहित विभिन्न आदिवासी संगठनों ने खूंटी बंद बुलाया था, जबकि 17 जनवरी को झारखंड बंद का भी आह्वान किया गया था।

हत्याकांड के बाद से ही विभिन्न आदिवासी संगठनों द्वारा मुख्य साजिशकर्ताओं और हथियारों की बरामदगी व गिरफ्तारी की मांग लगातार की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post