Khunti: मारंगहादा थाना अंतर्गत भूत गांव में आयोजित टुसु मेला के अवसर पर आज जनसैलाब उमड़ पड़ा। मेले में लगभग 10 से 15 हजार लोगों की उपस्थिति दर्ज की गई। इस मौके पर जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें ग्रामीणों को समाज और युवाओं के भविष्य से जुड़े अहम मुद्दों पर जानकारी दी गई। 
पुलिस टीम ने ग्रामीणों को अवैध अफीम की खेती के विरुद्ध जागरूक करते हुए बताया कि यह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे सामाजिक ताना-बाना भी प्रभावित होता है। अफीम की खेती से जुड़े दुष्परिणामों और इसके विरुद्ध की जाने वाली सख्त कानूनी कार्रवाई की जानकारी देते हुए पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अफीम विनष्टीकरण अभियान में जिला एवं पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करें और अपने क्षेत्र को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इसके साथ ही यातायात सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने का अनुरोध किया, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों की जान सुरक्षित रह सके।
कार्यक्रम के दौरान आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए डायल 112 की जानकारी दी गई, वहीं साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों को बताया गया कि यदि वे किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का शिकार होते हैं तो तुरंत डायल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
इस जागरूकता कार्यक्रम में अनुमंडल दंडाधिकारी, खूँटी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, खूँटी, मारंगहादा थाना प्रभारी एवं स्थानीय मुखिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। अधिकारियों ने संयुक्त रूप से ग्रामीणों से कानून का पालन करने, प्रशासन के साथ सहयोग करने और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ एकजुट होने की अपील की।
टुसु मेला के मंच से दिया गया यह संदेश ग्रामीणों के बीच काफी प्रभावी रहा और बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की।



