Dhanbad: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 जनवरी को पश्चिम बंगाल से एक साथ तीन नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें हावड़ा–आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस भी शामिल है, जो धनबाद होकर चलेगी। इस ट्रेन के शुरू होने से धनबाद के यात्रियों को दिल्ली के लिए एक और साप्ताहिक ट्रेन की सुविधा मिलेगी।
तीन नई अमृत भारत ट्रेनें होंगी रवाना
प्रधानमंत्री जिन तीन अमृत भारत ट्रेनों का उद्घाटन करेंगे, उनमें सियालदह–बनारस, संतरागाछी–तांबरम और हावड़ा–आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। इसके साथ एक पैसेंजर ट्रेन भी शुरू की जाएगी। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव–2026 से पहले इस पहल को रेल विकास से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसका लाभ झारखंड को भी मिल रहा है।
धनबाद के यात्रियों को सीधा लाभ
हावड़ा से आनंद विहार के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस धनबाद होकर गुजरेगी। इससे धनबाद को दिल्ली के लिए एक अतिरिक्त साप्ताहिक ट्रेन मिलेगी। पहले धनबाद से दिल्ली के लिए चलाई गई दो स्पेशल ट्रेनों के बंद होने से यात्रियों को जो परेशानी हो रही थी, यह ट्रेन उस कमी को काफी हद तक पूरा करेगी।
यात्रा समय और रूट
हावड़ा–आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस 27 घंटे 40 मिनट में हावड़ा से आनंद विहार पहुंचेगी, जबकि वापसी में 29 घंटे 15 मिनट का समय लेगी। धनबाद से आनंद विहार की यात्रा 22 घंटे 50 मिनट और वापसी में 24 घंटे 20 मिनट में पूरी होगी। यह ट्रेन प्रयागराज–कानपुर की बजाय वाराणसी, लखनऊ, सुल्तानपुर और बरेली होकर चलेगी।
स्पेशल के बाद साप्ताहिक सेवा
18 जनवरी को यह ट्रेन उद्घाटन स्पेशल के रूप में चलेगी। इसके बाद इसे साप्ताहिक ट्रेन के रूप में नियमित करने की आधिकारिक तिथि घोषित की जाएगी।
टाइम टेबल
-
ट्रेन संख्या 13065 (हावड़ा → आनंद विहार):
प्रस्थान: प्रत्येक गुरुवार रात 11:10 बजे
धनबाद आगमन: अगले दिन सुबह 3:55 बजे
आनंद विहार आगमन: अगले दिन रात 2:50 बजे -
ट्रेन संख्या 13066 (आनंद विहार → हावड़ा):
प्रस्थान: प्रत्येक शनिवार सुबह 5:15 बजे
धनबाद आगमन: अगले दिन सुबह 5:35 बजे
हावड़ा आगमन: दिन में 10:50 बजे
प्रमुख स्टेशन ठहराव
यह ट्रेन बैंडेल, बर्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, धनबाद, गोमो, पारसनाथ, कोडरमा, गया, अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, डीडीयू जंक्शन, वाराणसी, जौनपुर सिटी, सुल्तानपुर, निहालगढ़, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, गजरौला, हापुड़ और गाजियाबाद में रुकेगी।



