Khunti: खूंटी जिले के जरियागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत जरियागढ़ पुल के समीप सोमवार दोपहर करीब 2:15 बजे स्कूटी और केटीएम बाइक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक पुलिस कांस्टेबल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान पुलिस कांस्टेबल (आरक्षी) भरत उरांव (36 वर्ष) के रूप में हुई है। वे सिमडेगा जिले के बांगुर पिकेट स्थित गिर्दा ओपी में पदस्थापित थे और सोमवार को स्कूटी से अकेले रांची जिले के रातू थाना क्षेत्र अंतर्गत हिसरी चोले गांव जा रहे थे। इसी दौरान जरियागढ़ पुल के पास कर्रा थाना क्षेत्र के सरदुला गांव निवासी दो युवक अभिषेक साहू (20 वर्ष) एवं शिकंदर महतो (19 वर्ष) तेज रफ्तार केटीएम बाइक से आ रहे थे, जिनकी स्कूटी से आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस कांस्टेबल भरत उरांव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि केटीएम बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जरियागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस 108 के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कर्रा भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल खूंटी रेफर कर दिया गया।
वहीं मृतक पुलिस कांस्टेबल के शव को कर्रा सीएचसी से पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खूंटी भेजा गया। ग्रामीणों के अनुसार दुर्घटना का मुख्य कारण केटीएम बाइक की तेज रफ्तार बताई जा रही है। हादसे में स्कूटी और केटीएम बाइक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं।


