Ranchi : झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) की तैयारियां तेज हो गई हैं। SIR से पहले मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट–2 (BLA-2) के प्रशिक्षण को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को पत्र भेजकर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
राजनीतिक दलों की भागीदारी पर जोर
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण और संशोधन की प्रक्रिया में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। इसी उद्देश्य से राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त BLA-2 को SIR से जुड़ी सभी गतिविधियों का विशेष प्रशिक्षण दिया जाना अनिवार्य किया गया है।
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी देंगे प्रशिक्षण
BLA-2 का यह प्रशिक्षण निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) या सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) के स्तर पर दिया जाएगा। निर्देश में कहा गया है कि BLA-2 को अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण में आमंत्रित किया जाए। साथ ही, यदि BLA-1 भी प्रशिक्षण में शामिल होना चाहें, तो उन्हें भी अनुमति दी जा सकती है।
28 जनवरी से 6 फरवरी तक पूरा होगा प्रशिक्षण
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार, सभी जिलों में 28 जनवरी 2026 से 6 फरवरी 2026 के बीच BLA-2 का प्रशिक्षण कार्यक्रम अनिवार्य रूप से पूरा किया जाना है। प्रशिक्षण के लिए राज्य स्तर से जिलों को पीपीटी और विस्तृत प्रशिक्षण रूप-रेखा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस एक्शन प्लान के जरिए चुनाव आयोग का लक्ष्य मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को अधिक सटीक, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाना है, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि या शिकायत की गुंजाइश न रहे।



