Breaking News

झारखंड की बालिकाओं की शिक्षा को मजबूती: सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत 104.65 करोड़ का भुगतान

Ranchi : झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना राज्य की बालिकाओं की शिक्षा को नई मजबूती दे रही है। योजना के तहत अब तक 2.78 लाख से अधिक बालिकाओं को 104.65 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जा चुका है। यह योजना वर्ष 2022-23 में शुरू की गई थी, जिसका उद्देश्य सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली किशोरियों को पढ़ाई से जोड़े रखना और उन्हें बेहतर भविष्य के अवसर प्रदान करना है।

ड्रॉपआउट रोकने के लिए 40 हजार रुपये की सहायता

इस योजना के अंतर्गत सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाली आठवीं से बारहवीं कक्षा तक की पात्र बालिकाओं को चरणबद्ध तरीके से कुल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक या सामाजिक कारणों से कोई भी किशोरी पढ़ाई बीच में न छोड़े और अपनी शिक्षा पूरी कर सके।

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी

योजना का लाभ लेने के लिए इस वर्ष ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई है। इच्छुक बालिकाएं अपने विद्यालय के माध्यम से savitribaipksy.jharkhand.gov.in पोर्टल पर आवेदन कर सकती हैं। अब तक 6,07,467 बालिकाओं ने योजना के लिए आवेदन किया है, जिनमें से 2,78,463 बालिकाओं को भुगतान किया जा चुका है। शेष लाभुकों के भुगतान की प्रक्रिया जारी है।

हजारों स्कूलों से मिले आवेदन

पूरे राज्य में ई-विद्यावाहिनी में दर्ज 15,007 विद्यालयों में से 13,469 विद्यालयों से आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। शेष विद्यालयों से आवेदन प्राप्त करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। साथ ही, आवेदन प्रक्रिया को समय पर और सुचारू रूप से पूरा करने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को प्रशिक्षण भी दिया गया है।

सहायता और जानकारी के लिए संपर्क

महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार, योजना से जुड़ी अधिक जानकारी या किसी प्रकार की सहायता के लिए लाभुक जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सीडीपीओ या अपने विद्यालय के प्रधानाध्यापक से संपर्क कर सकते हैं। यह योजना झारखंड की बालिकाओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post