Khunti: खूंटी नगर पंचायत द्वारा प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने के उद्देश्य से एक व्यापक जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान नगर पंचायत की प्रशासक सृष्टि दीप्रिया मिंज के निर्देश पर एवं नगर प्रबंधक मोनिस सलाम की अगुवाई में नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों में संचालित किया गया। 
अभियान के दौरान दुकानों, होटलों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में जांच की गई, जहाँ प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक सामग्री जैसे ग्लास, प्लेट, चम्मच, कैरी बैग आदि का उपयोग पाया गया। जांच के क्रम में कुल 22 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई।
नगर पंचायत की टीम द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों से कुल 2500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही संबंधित दुकानदारों को भविष्य में सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई।
इस अभियान में राहुल कुमार गंझू, श्रवण कुमार, संजय कुमार, अरुण कुमार, ज़ुबैदा खातून, अंजू देवी सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मी उपस्थित थे। नगर प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इस तरह के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।



