Khunti: आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की एक महत्वपूर्ण एवं उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक खूँटी जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता JMM जिला अध्यक्ष ज़ुबैर अहमद ने की। बैठक में संगठन की मजबूती, चुनावी रणनीति और जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। 
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष ज़ुबैर अहमद ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाना पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि JMM आगामी नगर निकाय चुनाव पूरी मजबूती, एकजुटता और अनुशासन के साथ लड़ेगी। इसके लिए संगठन के हर स्तर के कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर
बैठक में निर्णय लिया गया कि बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। ज़ुबैर अहमद ने सभी प्रखंड एवं वार्ड प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे बूथ कमेटियों का पुनर्गठन करें और जमीनी स्तर पर सक्रिय व समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपें। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ कमेटी ही चुनावी जीत की नींव होती है। 
जनसंपर्क अभियान होगा तेज
बैठक में यह भी तय किया गया कि पार्टी कार्यकर्ता व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएंगे। कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया कि वे घर-घर जाकर राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दें। विशेष रूप से मैया सम्मान योजना, बिजली बिल माफी, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और अन्य जनहितकारी कार्यक्रमों को जनता तक पहुँचाने पर जोर दिया गया।
उम्मीदवार चयन पर गंभीर मंथन
नगर निकाय चुनाव के लिए उम्मीदवार चयन को लेकर भी बैठक में गहन चर्चा हुई। यह निर्णय लिया गया कि वार्ड स्तर पर ऐसे लोकप्रिय, ईमानदार और सेवाभावी चेहरों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो जनता की समस्याओं को समझते हों और उनके समाधान के लिए लगातार सक्रिय रहते हों। 
विपक्ष के भ्रामक प्रचार का तथ्यों से जवाब
जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को सतर्क करते हुए कहा कि विपक्षी दलों द्वारा फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार का जवाब शांति और तथ्यों के साथ दिया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच रहकर सफाई, पेयजल, बिजली जैसी स्थानीय समस्याओं को गंभीरता से उठाएं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय बनाएं।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे उपस्थित
इस बैठक में जिला केंद्रीय सदस्य वीरेन कांडुलना, मकसूद अंसारी, भोलानाथ लाल, अमरनाथ मुंडा, सचिव सुशील पहान, उपाध्यक्ष सनिका बोदरा, गुलशन सिंह मुंडा, संगठन सचिव शंकर सिंह मुंडा, प्रदीप केसरी, सह सचिव मोजीर अंसारी, प्रवक्ता तौकीर आलम, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष राहुल केसरी, अनूप लकड़ा, अर्जुन मुंडा, सह सचिव बिरेंद्र सिंह, संगठन सचिव रसीद, महिला मोर्चा सह सचिव असगरी खातून, बुद्धिजीवी मोर्चा कोषाध्यक्ष तनवीर खान सहित विभिन्न मोर्चा और प्रखंडों के अध्यक्ष, सचिव एवं बड़ी संख्या में सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर नगर निकाय चुनाव में पार्टी को मजबूत करने और JMM को विजय दिलाने का संकल्प लिया।



