Breaking News

कोडरमा प्रशासन ने लॉन्च किया MEETA ऐप, अब घर बैठे दर्ज होंगी नागरिकों की शिकायतें

Koderma : आम जनता की समस्याओं को सीधे जिला प्रशासन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कोडरमा जिला प्रशासन ने ‘MEETA’ नामक मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। राज्य सरकार के मार्गदर्शन में शुरू किए गए इस ऐप के जरिए नागरिक अब अपनी शिकायतें, सुझाव और जनसेवा से जुड़ी समस्याएं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।

सीधे प्रशासन तक पहुंचेगी आम लोगों की बात

MEETA ऐप के माध्यम से दर्ज की गई शिकायतें सीधे जिला प्रशासन तक पहुंचेंगी। शिकायत दर्ज होते ही संबंधित विभाग को इसकी जानकारी मिल जाती है और त्वरित कार्रवाई शुरू की जाती है, जिससे समस्याओं का समाधान समय पर हो सके।

जनता दरबार का डिजिटल विस्तार

उपायुक्त ऋतुराज ने बताया कि जिला प्रशासन पहले से ही आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता देता रहा है। इसके लिए हर सप्ताह मंगलवार और शुक्रवार को जनता दरबार आयोजित किया जाता है। हालांकि, जिला मुख्यालय से दूर रहने वाले या किसी कारणवश जनता दरबार में नहीं पहुंच पाने वाले लोगों को भी अपनी बात रखने का अवसर देने के लिए MEETA ऐप को लॉन्च किया गया है।

क्यूआर कोड भी किया गया जारी

ऐप को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए MEETA ऐप का क्यूआर कोड भी जारी किया गया है। फिलहाल यह क्यूआर कोड जिला मुख्यालय के सभी कार्यालयों के बाहर लगाया गया है। आने वाले समय में इसे प्रखंड कार्यालयों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी लगाए जाने की योजना है।

222 शिकायतें प्राप्त, अधिकांश का हुआ निष्पादन

उपायुक्त ने जानकारी दी कि ऐप लॉन्च होने के बाद से अब तक कुल 222 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से अधिकांश शिकायतों का सफलतापूर्वक समाधान कर लिया गया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी छोटी से छोटी समस्या भी MEETA ऐप के माध्यम से प्रशासन तक पहुंचाएं

शिकायतों की निगरानी के लिए विशेष टीम गठित

MEETA ऐप पर आने वाली शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जिसकी निगरानी स्वयं उपायुक्त करते हैं। हर मंगलवार को ऐप पर आई शिकायतों की समीक्षा की जाती है और यदि कोई मामला लंबित रहता है तो संबंधित विभाग के पदाधिकारी से सीधे बातचीत कर समाधान सुनिश्चित किया जाता है।

भविष्य में जुड़ेंगी और सुविधाएं

उपायुक्त ऋतुराज ने बताया कि आने वाले समय में इस ऐप में और भी सेवाएं जोड़ी जाएंगी। इसके तहत हिट एंड रन, आगजनी, आपदा या अन्य आपात घटनाओं की सूचना सीधे प्रशासन तक पहुंचाई जा सकेगी, जिससे संबंधित क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई संभव होगी। इसके अलावा झुमरीतिलैया नगर परिषद, डोमचांच नगर पंचायत और कोडरमा नगर पंचायत क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी ऐप में सुविधा जोड़ी जाएगी। लोग यह बता सकेंगे कि कहां गंदगी है या सफाई नहीं हो रही है, ताकि नगर प्रशासन तुरंत कार्रवाई कर सके।

ऐसे करें MEETA ऐप पर शिकायत दर्ज

MEETA ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। उपयोगकर्ता प्ले स्टोर में जाकर MEETA ऐप सर्च कर उसे इंस्टॉल कर सकते हैं। इसके बाद मोबाइल नंबर या ई-मेल आईडी से रजिस्ट्रेशन कर अपनी शिकायत दर्ज की जा सकती है। जो लोग ऐप डाउनलोड नहीं कर सकते, वे क्यूआर कोड स्कैन कर सीधे लिंक के माध्यम से रजिस्ट्रेशन पेज पर पहुंचकर अपना मोबाइल नंबर दर्ज कर शिकायत भेज सकते हैं।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post