Jaisalmer : राजस्थान के जैसलमेर में भारत–पाकिस्तान सीमा के पास स्थित ऐतिहासिक लोंगेवाला–तनोट इलाके में फिल्म बॉर्डर 2 के पहले गीत ‘घर कब आओगे’ का भव्य लॉन्च कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम बीएसएफ जवानों की मौजूदगी में हुआ, जिसने माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। इस मौके पर फिल्म के प्रमुख कलाकार सनी देओल, वरुण धवन, अहान शेट्टी, मशहूर गायक सोनू निगम, साथ ही को-प्रोड्यूसर भूषण कुमार और निधि दत्ता समेत फिल्म की पूरी टीम मौजूद रही।

सनी देओल के पैर छूकर अहान शेट्टी ने लिया आशीर्वाद
कार्यक्रम के दौरान मंच पर पहुंचते ही अहान शेट्टी ने सनी देओल के पैर छूकर आशीर्वाद लिया, जिसे देख दर्शकों ने तालियों से उनका स्वागत किया। लोंगेवाला–तनोट माता मंदिर के सामने बने एम्फीथिएटर में लाइव परफॉर्मेंस ने आयोजन को और यादगार बना दिया।
वरुण धवन का देशभक्ति संदेश, डायलॉग पर गूंजी तालियां
इवेंट में वरुण धवन ने 1971 के भारत–पाक युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि भारत अमन और शांति में विश्वास करता है, लेकिन बॉर्डर जैसी फिल्में जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्में युवाओं को यह संदेश देती हैं कि देश मजबूत है और अगर कोई आंख उठाकर देखेगा, तो भारत जवाब देना जानता है।
वरुण ने फिल्म का दमदार डायलॉग भी सुनाया— “इस बार हम बॉर्डर में घुसेंगे ही नहीं, हम बॉर्डर ही बदल देंगे।” इस डायलॉग पर दर्शकों और जवानों ने जोरदार तालियां बजाईं।

सनी देओल बोले— पिता की फिल्म ‘हकीकत’ से मिली प्रेरणा
सनी देओल ने मंच से साझा किया कि बचपन में उन्होंने अपने पिता धर्मेंद्र की फिल्म ‘हकीकत’ देखी थी, जिसने उन्हें गहराई से प्रभावित किया। बाद में जब वे अभिनेता बने, तो उन्होंने भी देशभक्ति पर आधारित फिल्म करने का सपना देखा। इसी सोच के साथ उन्होंने जे.पी. दत्ता से बात की और ‘बॉर्डर’ जैसी ऐतिहासिक फिल्म बनी।
नए वर्जन में कई दिग्गज गायकों की आवाज
1997 की सुपरहिट फिल्म बॉर्डर का गीत ‘घर कब आओगे’ हिंदी सिनेमा के सबसे भावनात्मक देशभक्ति गीतों में शामिल है। इसके नए वर्जन में सोनू निगम और रूप कुमार राठौड़ के साथ-साथ अरिजीत सिंह, दिलजीत दोसांझ और विशाल मिश्रा की आवाजें भी शामिल की गई हैं।
गीत का संगीत मिथुन ने दोबारा तैयार किया है। बोलों में जावेद अख्तर के मूल शब्दों के साथ मनोज मुंतशिर की नई पंक्तियां जोड़ी गई हैं।
10 मिनट 34 सेकेंड का भावनात्मक गीत
नया वर्जन 10 मिनट 34 सेकेंड लंबा है, जो ओरिजिनल गाने (13 मिनट 49 सेकेंड) से थोड़ा छोटा है। हालांकि, आज के दौर में भी यह एक लंबा और गहराई से जुड़ने वाला गीत माना जा रहा है। गीत का वीडियो लगभग 3 मिनट 10 सेकेंड का है।

निधि दत्ता बोलीं— गीत की आत्मा को नहीं बदला गया
फिल्म की को-प्रोड्यूसर निधि दत्ता ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह गीत 29 साल पहले उनके पिता जेपी दत्ता, जावेद अख्तर, अनु मलिक, सोनू निगम और रूप कुमार राठौड़ की रचनात्मकता का परिणाम था। उन्होंने कहा कि नए वर्जन में ओरिजिनल गीत की आत्मा को बरकरार रखते हुए सैनिकों और उनके परिवारों की भावनाओं को और गहराई से दिखाया गया है।
23 जनवरी 2026 को रिलीज होगी बॉर्डर 2
बॉर्डर 2 का निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है। फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी, मोना सिंह, मेधा राणा, सोनम बाजवा और आन्या सिंह नजर आएंगे। यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। गीत ‘घर कब आओगे’ के रिलीज होते ही बॉर्डर 2 गूगल पर ट्रेंड करने लगी है, जिससे दर्शकों में फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।




