Khunti: खूंटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण मुंडा शनिवार को महान आदिवासी नेता, स्वतंत्रता सेनानी, संविधान निर्माता और प्रखर राजनीतिज्ञ मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा के पैतृक गांव टकरा पहुंचे। यहां उन्होंने जयपाल सिंह मुंडा के समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके योगदान को नमन किया। 
इस अवसर पर सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा आदिवासी समाज के अग्रणी नेता थे और कांग्रेस पार्टी के मजबूत स्तंभ के रूप में उन्होंने देश की राजनीति को दिशा देने का कार्य किया। उन्होंने संविधान सभा के सदस्य के रूप में आदिवासियों के अधिकार, जल–जंगल–जमीन की रक्षा और सामाजिक न्याय के सवालों को पूरी मजबूती के साथ उठाया।
सांसद ने कहा कि कांग्रेस के मंच से जयपाल सिंह मुंडा ने आज़ाद भारत में आदिवासी अस्मिता को संवैधानिक संरक्षण दिलाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके विचार और संघर्ष आज भी प्रासंगिक हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि जयपाल सिंह मुंडा का योगदान ऐसा है जिसे देश और समाज कभी भुला नहीं सकता। 
इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष आमिर हुसैन, कांग्रेस प्रदेश समिति के सदस्य मो. नईमुद्दीन खान, पीटर मुंडू, विल्सन तोपनो, सुनीता गोप, जुनैद आलम, विक्रम नाग, परनीत तोपनो, ऋतुराज झा, विजय ख्वासी, अनीश मांझी, जितेन सोय, रविकांत मिश्रा, अजय कुमार गुप्ता, मरियम आइद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे। 
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जयपाल सिंह मुंडा की जयंती के अवसर पर उनके विचारों, आदर्शों और संघर्षों को आत्मसात करने तथा आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि सभा का समापन जयपाल सिंह मुंडा के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के आह्वान के साथ हुआ।



